
Railway New Rule: रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा फैसला लिया है। अब वेटिंग लिस्ट में चल रही टिकटों की स्थिति की जानकारी ट्रेन के रवाना होने से 24 घंटे पहले दे दी जाएगी। अभी तक यह जानकारी सिर्फ 4 घंटे पहले ही मिलती थी, जिससे यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने में कठिनाई होती थी।
बीकानेर से शुरू हुआ पायलट प्रोजेक्ट
रेल मंत्रालय ने इस नई व्यवस्था को एक पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लॉन्च किया है, जिसकी शुरुआत बीकानेर डिवीजन से की गई है। रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक (सूचना और प्रचार), दिलीप कुमार ने बताया,
“हमने बीकानेर डिवीजन में यह प्रयोग शुरू किया है, जिसमें ट्रेन के रवाना होने से 24 घंटे पहले ही चार्ट तैयार किया जा रहा है। पहले यह काम सिर्फ 4 घंटे पहले होता था।”
उन्होंने आगे कहा कि इस फैसले से उन यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, जो वेटिंग टिकट के कारण अपनी यात्रा को लेकर असमंजस में रहते हैं।
यात्रा की योजना बनाना अब होगा आसान
इस बदलाव का उद्देश्य यात्रियों को उनकी यात्रा की बेहतर योजना बनाने में मदद करना है। अब अगर यात्रियों को पहले ही यह जानकारी मिल जाए कि उनकी टिकट कन्फर्म हुई है या नहीं, तो वे वैकल्पिक व्यवस्था कर सकते हैं या अपनी यात्रा की तैयारी निश्चिंत होकर कर सकते हैं।
टिकट कैंसिलेशन पॉलिसी में कोई बदलाव नहीं
हालांकि, रेलवे ने स्पष्ट किया है कि टिकट रद्द करने की मौजूदा नीति में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यदि टिकट कन्फर्म होने के बाद यात्री उसे रद्द करता है, तो उसे जुर्माने के तौर पर एक बड़ा हिस्सा गंवाना पड़ेगा।
- अगर टिकट ट्रेन के रवाना होने से 48 से 12 घंटे पहले रद्द की जाती है, तो किराए का 25% ही रिफंड मिलेगा।
- वहीं 12 घंटे से 4 घंटे पहले रद्द करने पर, सिर्फ 50% राशि ही वापस की जाएगी।
रेलवे ने यह भी बताया कि रद्द हुई सीटें मौजूदा बुकिंग सिस्टम के जरिए अन्य यात्रियों को अलॉट की जाएंगी।
संपूर्ण भारत में लागू हो सकता है ये सिस्टम
रेलवे मंत्रालय ने कहा है कि यदि यह पायलट प्रोजेक्ट सफल रहता है और यात्रियों से अच्छा फीडबैक मिलता है, तो इस व्यवस्था को देशभर में लागू किया जा सकता है। मंत्रालय ने यात्रियों से इस नई प्रणाली का उपयोग करने और अपनी राय साझा करने की अपील की है, ताकि भविष्य में इसे और भी बेहतर बनाया जा सके।
