Sharing Is Caring:

लखनऊ, 11 जून। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, चौक कैम्पस की छात्रा अंजलि धमीजा ने अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित कविता पाठ प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार अर्जित कर लखनऊ का गौरव बढ़ाया है। यह प्रतियोगिता शैक्षिक संस्था स्प्राउटी इरा किड्ज एजूकेशन, नई दिल्ली के तत्वावधान आयोजित हुई। यह प्रतियोगिता छात्रों की अभिव्यक्ति क्षमता का विकास करने, उनमें आत्मविश्वास का संचार करने एवं उनके ज्ञान को परखने के उद्देश्य से आयाजित की गई, जिसमें देश भर के अनेक प्रतिष्ठित विद्यालयों के छात्रों ने प्रतिभाग किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच इस प्रतियोगिता में सी.एम.एस. चौक कैम्पस की इस छात्रा ने बड़े आत्मविश्वास से कविता पाठ कर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परचम लहराया। प्रतियोगिता के आयोजकों ने सी.एम.एस. की इस मेधावी छात्रा की बहुमुखी प्रतिभा की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए मेडल, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने इस मेधावी छात्रा को आशीर्वाद देते हुए विद्यालय के शिक्षकों व प्रधानाचार्या के प्रति आभार व्यक्त किया है।सी.एम.एस. सदैव ही विभिन्न रचनात्मक एवं सृजनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपने छात्रों की बहुमुखी प्रतिभा को निखारने के साथ ही जीवन में आगे ही आगे बढ़ने हेतु प्रोत्साहित करता रहता है। सी.एम.एस. का लक्ष्य बच्चों को वर्ल्ड लीडर के रूप में तैयार करने वाली शिक्षा उपलब्ध कराना है। ताकि वे कल के विश्वव्यापी समाज का नेतृत्व अपने विकसित मानवीय दृष्टिकोण से कर सके।

Sharing Is Caring:
Exit mobile version