Sharing Is Caring:

महाराष्ट्र में बीजेपी और शिवसेना की सरकार को बने हुए एक साल पूरे हो गए हैं। पिछले साल उद्धव ठाकरे की शिवसेना से बगावत करके एकनाथ शिंदे कई विधायकों के साथ बीजेपी के साथ आ गए थे, जिसके बाद उन्हें मुख्यमंत्री और देवेंद्र फडणवीस को डिप्टी सीएम बनाया गया।

अब एकनाथ शिंदे की शिवसेना का दिल्ली से महाराष्ट्र तक कद बढ़ने जा रहा है। जहां महाराष्ट्र सरकार की कैबिनेट का विस्तार होगा, वहीं मोदी सरकार में भी शिंदे की पार्टी को जगह मिलेगी। डिप्टी सीएम फडणवीस ने भी कैबिनेट विस्तार की पुष्टि कर दी है और कहा है कि जुलाई में होगा।

डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस शुक्रवार को छत्रपति संभाजीनगर शहर के दौरे पर थे। इस बार जब वह एयरपोर्ट पर आए तो उन्होंने मीडिया से बातचीत की। इस मौके पर उन्होंने कहा, ”हमें राज्य के मंत्रिमंडल विस्तार में अधिक रुचि है। राज्य के कैबिनेट विस्तार को लेकर देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ”हम भी कैबिनेट का विस्तार करना चाहते हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे फैसला लेंगे। मैं विश्वास से कहता हूं कि हम जुलाई माह में मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे।”

जैसे ही फडणवीस ने साफ किया मंत्रिमंडल का विस्तार जुलाई में किया जाएगा, इस बात पर भी चर्चा शुरू हो गई है कि मंत्रिमंडल में कौन शामिल होगा। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व सरकार में बीजेपी और शिवसेना के कई विधायक मंत्री पद की चाह रखते हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि कई प्रमुख चेहरों को कैबिनेट में जगह दी जा सकती है।

केंद्र में भी सरकार का हिस्सा बनेगी शिवसेना
वहीं, कुछ ही दिनों में केंद्र सरकार में भी कैबिनेट विस्तार की अटकलें हैं। इसको लेकर बीते दिनों अहम बैठक भी हुई। लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले जुलाई में ही यह कैबिनेट विस्तार हो सकता है। इस बार शिवसेना भी केंद्र सरकार का हिस्सा बन सकती है। शिंदे को एक कैबिनेट और एक राज्य मंत्री देकर उनकी ताकत बढ़ाई जा सकती है। लेकिन एकनाथ शिंदे ने केंद्र से 3 मंत्री पद मांगे हैं।

कैबिनेट विस्तार के मद्देनजर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ अहम बैठक की। दोनों नेताओं ने शाह को महाराष्ट्र की मौजूदा राजनीतिक स्थिति के बारे में जानकारी दी। बीजेपी ने शिवसेना को केंद्र में दो मंत्री पद का ऑफर दिया है। लेकिन समझा जाता है कि सेना ने तीन मंत्री पद की मांग की है। मंत्री पद के लिए प्रतापराव जाधव, भावना गवली, राहुल शेवाले, श्रीरंग बारणे और गजानन कीर्तिकर के नामों पर चर्चा हो रही है।

Sharing Is Caring:
Exit mobile version