Sharing Is Caring:

यूपी निकाय चुनाव के लिए भाजपा ने शुक्रवार को संकल्प पत्र जारी कर दिया। 28 सूत्री संकल्प पत्र में बताया गया है कि शहर में उसकी सरकारें बनीं तो क्या-क्या किया जाएगा। भाजपा का विशेष जोर सफाई अभियान पर रहेगा।

शहरों को स्वस्थ, स्वच्छ और हरियाली पर भाजपा ने जोर दिया है। भाजपा हर चुनाव में घोषणा पत्र के स्थान पर संकल्प पत्र जारी करती रही है। आज जारी संकल्प पत्र में 28 में से 27 प्वाइंट में उन बातों का जिक्र है जो विभिन्न नगर निकायों में किए गए हैं या किए जा रहे हैं। 28 वें संकल्प में बताया गया है कि सफाई को विशेष महत्व एवं स्वच्छ नगर-हरित नगर-स्वस्थ नगर बनाने का विशेष प्रयास किया जाएगा।

भाजपा से पहले सपा और बसपा ने भी अलग-अलग तरीकों से शहर की सरकार के लिए वायदों की झड़ी लगाई है। सपा का जोर मनरेगा की तर्ज पर शहर में रोजगार पर है तो वहीं बसपा ने हाउस टैक्स की मनमानी पर रोक और इसके बदलाव की बात कही गई है। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की तरह यूपी में हाउस टैक्स हाफ वाटर टैक्स माफ का ऐलान किया है।

यूपी में नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत के लिए दो चरणों में चार और 11 मई को वोटिंग होनी है। फिलहाल 17 नगर निगमों में से 14 पर बीजेपी का कब्जा है। दो नगर निगम में बसपा काबिज है। एक नगर निगम शाहजहांपुर में पहली बार मेयर का चुनाव होने जा रहा है। भाजपा ने सभी निकायों में जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।

सीएम योगी के साथ ही दोनों डिप्टी सीएम, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से लेकर सभी मंत्रियों ने पार्टी के प्रत्याशियों के लिए पूरा जोर लगा दिया है। सीएम योगी खुद ताबड़तोड़ सभाएं कर रहे हैं। योगी रोजाना तीन से चार जिलों में जाकर लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील करने के साथ ही विपक्ष पर हमले कर रहे हैं।

Sharing Is Caring:
Exit mobile version