Sharing Is Caring:

लखनऊ, 8 जून। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, चौक कैम्पस के कक्षा-7 के प्रतिभाशाली छात्र हसन अब्बास रजा ने प्रयागराज में यमुना नदी को मात्र 10 मिनट में पारकर तैराकी में अनूठा कीर्तिमान स्थापित किया है। सी.एम.एस. के इस मेधावी छात्र ने अभूतपूर्व तैराकी प्रतिभा के दम पर आने वाले समय में राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाने का उत्साह जगाया है। सी.एम.एस. संस्थापक डा. जगदीश गाँधी ने इस बाल तैराक को आशीर्वाद देते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की है। सी.एम.एस. चौक कैम्पस के छात्र हसन अब्बास रजा ने 7 जून 2023 को मीरापुर सिंधु सागर घाट (करकहा घाट) से प्रातः 6.25 बजे तैराकी शुरू की और मात्र 10 मिनट में यमुना नदी को पारकर प्रातः 6.35 बजे विद्यापाठी महेवा घाट पर तैराकी पूरी की। एक अनौपचारिक वार्ता में हसन के माता-पिता श्री मोजिज रजा एवं हिना रिजवी ने कहा कि यह उपलिब्ध लखनऊ के लिए गर्व की बात है। उन्होंने सी.एम.एस. शिक्षकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सी.एम.एस. के शिक्षक सर्वश्रेष्ठ शिक्षा देने के साथ ही छात्रों की प्रतिभा को निखारने व उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में महती भूमिका निभा रहे हैं। सी.एम.एस. अपने छात्रों के बौद्धिक विकास के साथ उन्हें खेलों व अन्य सामाजिक क्षेत्रों के लिए भी विशेष रूप से तैयार करने में पूरे मनोयोग से संलग्न है। सी.एम.एस. का मानना है कि खेलों के माध्यम से छात्रों में आपसी सहयोग, आत्म विश्वास व जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

Sharing Is Caring:
Exit mobile version